Hindi News 18 :-One Nation One Election: लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) मानती है कि राष्ट्रीय स्तर पर लोकसभा, राज्य स्तर पर विधानसभा और स्थानीय स्तर पर पंचायत या नगर निकायों के अलग-अलग समय पर चुनाव होने के कारण चुनाव आचार संहिता प्रदेश में लगी रहती है, जिससे प्रशासन और गुड गवर्नेन्स पर असर पड़ता है और काम की गति को भी ब्रेक लग जाता है। यह आर्थिक दृष्टि से खर्चीला होता है और भ्रष्टाचार का भी कारण बनता है। सुरक्षा बलों और प्रशासन को भी चुनावी ड्यूटी में बार-बार लगाना पड़ता है इसलिए वो ‘एक देश, एक चुनाव’ का पूर्ण समर्थन करती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जम्मू-कश्मीर, हरियाणा सहित कई राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल इसी साल पूरा होना है। ऐसे में बीजेपी शासित राज्यों में कुछ महीने पहले ही चुनाव कराए जा सकते हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह चुनाव साल 2029 में वन नेशन- वन इलेक्शन की रणीनीति का परीक्षण है।
हरियाणा से क्या संकेत मिल रहा
हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी प्रदेश के नये मुख्यमंत्री होंगे। शाम साढ़े पांच बजे उन्होंने मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस्तीफा दे दिया था, जिससे करीब पांच साल पुराने भाजपा-जननायक जनता पार्टी गठबंधन टूट गया। जिस तरह से भाजपा शासित राज्यों में पार्टी आलाकमान एक्सपेरीमेंट कर रही है उसे देखकर लगता है कि लोकसभा चुनाव के साथ कम से कम आठ राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभा के चुनाव हो सकते हैं। हरियाणा में काम चलाऊ सरकार बनाया जाना इसी बात का संकेत दे रहा है। केंद्र सरकार और इलेक्शन कमीशन के सूत्र बता रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर, हरियाणा सहित कई राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल इसी साल पूरा होना है। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि बीजेपी शासित राज्यों में कुछ महीने पहले ही चुनाव कराए जाएं।
इन राज्यों में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ
अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने हैं। पिछले कुछ लोकसभा चुनावों से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की विधानसभा के चुनाव लोकसभा के साथ होते रहे हैं। ऐसे में आसार जताए जा रहे हैं कि इन चार राज्यों के अलावा कुछ अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनाव के साथ ही कराए जाए।
बीजेपी इस लोकसभा चुनाव में वन नेशन वन इलेक्शन नीति की बुनियाद का पत्थर रखेगी। नरेंद्र मोदी कई मंचो से इसकी वकालत कर चुके हैं। उनकी सरकार इस नीति की पटकथा कई स्तर पर, कई चरणों में लिख रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि 2029 में लोकसभा से साथ ही विधानसभाओं के चुनाव सरकार एक साथ करवा सकती है।
बता दें कि जम्मू कश्मीर के अलावा महाराष्ट्र और हरियाणा में सितंबर-अक्टूबर महीने में, झारखंड में नवंबर-दिसंबर महीने में विधानसभा के चुनाव होने हैं। जिस प्रकार से बीजेपी आलाकमान निर्णय ले रही है उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि इन राज्यों में से कुछ में दोनों चुनाव एक साथ ही करा दिए जाएं।